पति-पत्नी का विवाद सुलझाने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या!

SHARE:

:- ब्यूरो रिपोर्ट!

छपरा में पड़ोसी पति-पत्नी के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक को बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया। विवाद के दौरान एक युवक ने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान पटना में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

मामला रिविलगंज थाना क्षेत्र के दौलतगंज अड्डा नंबर-5 का है। मिली जानकारी के अनुसार, पड़ोस में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान सोनू विवाद को शांत कराने और दोनों के बीच बीच-बचाव करने पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक युवक ने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने सोनू का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे पटना लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रविवार को सोनू ने दम तोड़ दिया।

सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे के कारणों और हमले में शामिल युवक को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।

Join us on: