रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के त्रिवेणीगंज-जदिया मुख्य मार्ग एनएच-327ई पर डपरखा स्थित धर्मकांटा के समीप शुक्रवार शाम सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में जदिया थाना क्षेत्र के पिलुवाहा पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी देवन ऋषिदेव के 21 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नीरज शुक्रवार शाम त्रिवेणीगंज बाजार से बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान धर्मकांटा के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही अज्ञात बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीरज सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल नीरज को तत्काल त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ० सिद्धार्थ कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजन उसे मधेपुरा स्थित चिकित्सा महाविद्यालय ले गए, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया। साथ ही अज्ञात बाइक और उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी गई।
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने शनिवार शाम बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है तथा फरार बाइक चालक की पहचान करने का प्रयास जारी है।
बताया जाता है कि नीरज विवाहित था। हादसे में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



