रिपोर्ट: सोनू सिंह ।
नवादा में महिला और दो बेटियों की संदिग्ध मौत, मां फांसी पर लटकी मिली; बच्चों की हत्या की आशंका, पति रहता है सौदिया ।
नवादा: बिहार के नवादा जिले में सोमवार सुबह एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर की ऊपरी मंजिल पर फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मामला बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी मोहल्ला का है। मृतकों की पहचान करीब 30 वर्षीय नीदा खातून, उसकी करीब 3 वर्षीय बेटी सरिया खातून और 4 वर्षीय बेटी सितारा खातून के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नीदा खातून अपनी दोनों बेटियों के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती थी, जबकि उसके सास-ससुर नीचे के कमरे में रहते थे। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा खुलने पर महिला का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी दोनों बेटियां बिस्तर पर मृत पड़ी थीं।
तीनों की मौत की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना बुंदेलखंड थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
बच्चों की हत्या की आशंका
घटनास्थल पर महिला और दोनों बच्चियों के शवों की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि दोनों बच्चियों की हत्या गला घोंटकर की गई हो सकती है। वहीं, महिला के शव की स्थिति को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला के शरीर के कुछ हिस्से पलंग से सटे हुए थे। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को फांसी के फंदे से लटकाया गया हो। हालांकि, अभी पुलिस की ओर से मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया गया है।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
11 महीने पहले दुबई गया था महिला का पति
बताया जा रहा है कि नीदा खातून का पति मोहम्मद साजिद करीब 11 महीने पहले काम करने के लिए दुबई गया था। वह फिलहाल दुबई में ही रहकर काम करता है। घटना की जानकारी उसके पति को भी दी गई है।
एक ही घर में महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत से पूरे दर्जी मोहल्ले में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि महिला और उसकी दोनों बेटियों की मौत के पीछे क्या वजह रही। क्या महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या कर खुद आत्महत्या की या फिर तीनों की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।



