:- रवि शंकर अमित!
दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना, राज्य सरकार ने ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की
पटना,17 अगस्त
भाजपा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने आज सुबह लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
श्री संजय सरावगी ने कहा कि अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ की घटना बेहद दुःखद और हृदयविदारक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने हादसे में दिवंगत श्रद्धालुओं के निकटतम आश्रितों को ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि सरकार और प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भाजपा परिवार पूरी संवेदना के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा संयम और सावधानी बरतने की अपील की।
श्री संजय सरावगी ने दिवंगत श्रद्धालुओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



