डीएम के औचक निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाओं में मिलीं कई खामियां!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय नेमनमा बेलाटेढ़ा उत्तर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्रोपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, साफ-सफाई तथा विद्यालय को प्राप्त राशि के आय-व्यय से संबंधित अभिलेखों की जांच की।
छात्रों से सामान्य जानकारी को लेकर पूछताछ करने पर उनके बीच सामान्य जानकारी का अभाव पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। विद्यालय में पदस्थापित चार शिक्षकों में तीन शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित मिले, जबकि एक शिक्षिका विशेषावकाश पर थीं। उनके अवकाश आवेदन में भाषाई त्रुटियां भी पाई गईं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में वार्षिक अनुदान मद में प्राप्त राशि के आय-व्यय के संबंध में पूछताछ किए जाने पर प्रधानाध्यापक संतोषप्रद जानकारी नहीं दे सके और संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किया गया। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का भी अभाव पाया गया। इसके अलावा विद्यालय में अपेक्षित शैक्षणिक वातावरण की कमी भी निरीक्षण के दौरान सामने आई।
विद्यालय में विभिन्न स्तरों पर मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल को मामले में अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

Join us on: