आरा जंक्शन पहुंचे रेल जीएम छत्रसाल सिंह, रेलवे अस्पताल का किया उद्घाटन

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

स्टेशन की यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

आरा। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह सोमवार को आरा जंक्शन पहुंचे। उनके आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन पर विशेष तैयारियां की गई थीं। जीएम ने आरा जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महाराजा हाता स्थित रेलवे अस्पताल का उद्घाटन भी किया।

निरीक्षण के क्रम में जीएम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा रेल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन के पुनर्विकास से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना जरूरी है।

कोचिंग डिपो को भी किया जा रहा आधुनिक

आरा जंक्शन के कोचिंग डिपो को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में रेलवे की ओर से लगातार काम किया जा रहा है। डिपो में कोचों के रखरखाव और निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे ट्रेनों के रखरखाव की गुणवत्ता और परिचालन सुरक्षा को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सुरक्षित रेल परिचालन पर विशेष जोर

जीएम ने रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। ट्रैक, स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और अन्य रेल परिसंपत्तियों के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय में उन्हें पूरा कराने पर भी जोर दिया।

महाप्रबंधक के निरीक्षण को आरा जंक्शन के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे से स्थानीय यात्रियों को स्टेशन पर आने वाले दिनों में और बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।

Join us on: