क्रांति दिवस पर गया में कांग्रेस का पैदल मार्च, शहीदों को श्रद्धांजलि!

SHARE:

रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार!

गया। क्रांति दिवस के अवसर पर गया जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार की अध्यक्षता में राजेंद्र आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय से भव्य पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कांग्रेसजन ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया।

पैदल मार्च राजेंद्र आश्रम से निकलकर कोतवाली के समीप स्थित शहीद स्मारक, के.पी. रोड स्थित स्मारक तथा आजाद पार्क स्थित शहीद स्मारक पहुंचा, जहां कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि 9 अगस्त केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की वह ऐतिहासिक पुकार है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन ने देशवासियों के भीतर आजादी की अंतिम लड़ाई का अदम्य संकल्प पैदा किया।

उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, डॉ. भीमराव अंबेडकर, श्रीमती इंदिरा गांधी सहित अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की देन है। देश की आजादी हजारों-लाखों लोगों के संघर्ष और कुर्बानी से मिली है। इसलिए 9 अगस्त का दिन उन सभी वीरों को स्मरण करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है।

रजनीश कुमार ने कहा कि आज के कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ना भी है। हमारी आने वाली पीढ़ी यह जाने कि देश की आजादी के लिए हमारे पूर्वजों ने किस प्रकार यातनाएं सहीं, संघर्ष किया और अपना जीवन तक बलिदान कर दिया।

उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के मूल में लोकतंत्र, समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारा और संविधान के मूल मूल्य थे। इन मूल्यों की रक्षा करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को केवल स्मारकों और माल्यार्पण तक सीमित नहीं रखा जा सकता। उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रतिनिध प्रो विजय कुमार मिट्ठू,युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा,रामप्रमोद सिंह,प्रदीप शर्मा,शौकत निशात उर्फ नवाब अली, रामाश्रय सिंह,मदीना खातून,सैफुल्ल इस्लाम, रणजीत कश्यप,शिव चौरसिया,रंजीत सिंह,मोहम्मद खिदिर हयात, श्रीकांत शर्मा, अर्जुन गुप्ता, उपेन्दर द्विवेदी,शिव नाथ प्रसाद,अफजल खान,प्पदाधिकारी तथा कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Join us on: