पाइप लीकेज से हर घंटे हजारों लीटर शुद्ध पेयजल बर्बाद, प्रशासन बेखबर!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

गायत्री मंदिर-मौलाबाग के पास तीन जगहों पर लगातार बह रहा पानी, जल संरक्षण के दावों पर उठे सवाल

आरा। एक ओर पूरी दुनिया शुद्ध पेयजल की कमी और जल संकट से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर आरा नगर निगम क्षेत्र में पाइपलाइन के लीकेज के कारण हजारों लीटर शुद्ध पेयजल प्रतिदिन बर्बाद हो रहा है। शहर के गायत्री मंदिर, मौलाबाग के समीप एक ही इलाके में तीन अलग-अलग स्थानों पर पाइप में लीकेज होने से लगातार पानी बह रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से हो रही इस बर्बादी पर संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

पाइप से निकल रहा शुद्ध पेयजल सड़क पर बहकर नालियों में जा रहा है। गर्मी और बदलते मौसम के बीच जहां लोगों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं दूसरी तरफ पानी की इस तरह खुलेआम बर्बादी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर कर रही है।

जल संरक्षण की अपील, लेकिन पाइपलाइन से बह रहा पानी

भारत सरकार की ओर से नमामि गंगे परियोजना समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण और जल स्रोतों की शुद्धता को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों से पानी की एक-एक बूंद बचाने की अपील की जाती है। ऐसे में सार्वजनिक पेयजल पाइपलाइन से लगातार पानी का रिसाव चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लीकेज की मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ी मात्रा में शुद्ध पेयजल यूं ही बर्बाद होता रहेगा। वहीं पाइपलाइन में लीकेज के कारण सड़क और आसपास के हिस्सों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

भविष्य की पीढ़ी के लिए जल बचाना जरूरी

जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। लोगों का कहना है कि सरकार और संबंधित विभागों को जहां पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए, वहीं आम लोगों को भी पानी की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक होना होगा।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से गायत्री मंदिर-मौलाबाग के पास तीनों स्थानों पर हुए पाइपलाइन लीकेज की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि हजारों लीटर शुद्ध पेयजल को बर्बाद होने से बचाया जा सके।

जल की एक-एक बूंद अनमोल है। आज पानी बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।

Join us on: