रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की युवा इकाई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी ने शराबबंदी को लेकर एक बार फिर से बड़ा बयान दे दिया है। जीतन राम मांझी ने एक बार फिर से शराबबंदी कानून को लेकर सीएम सम्राट चौधरी से बड़ी मांग कर दी है और कहा है कि गुजरात मॉडल की तर्ज पर बिहार में शराबबंदी लागू हो।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि हमने पहले भी कहा है कि नशाबंदी का कानून जो है वह ठीक है लेकिन शराबबंदी कानून के पालन में कही कहीं पुलिस के स्तर पर दिक्कतें आ रही हैं। हम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार से मीडिया के माध्यम से कहना चाहेंगे कि जहां गांधी जी का जन्म हुआ था वहां भी शराबबंदी है लेकिन इस तरह से वहां के लोगों में निराशा नहीं है।
मांझी ने कहा कि हम तो पहले से ही कहते रहे हैं कि गुजरात मॉडल के तर्ज पर बिहार में शराबबंदी कानून लागू हो। हम सम्राट चौधरी से कहेंगे कि एक तो शराबबंदी के कारण पदाधिकारी गड़बड़ी करते हैं। ऐसा नहीं हो और इसके लिए प्रशासन को चुस्त और दुरुस्त रखा जाए।
एनडीए में रहने के बावजूद जीतन राम मांझी लंबे समय से शराबबंदी कानून में छूट देने की मांग उठाते रहे हैं। वे लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि इस कानून की आड़ में बिहार पुलिस गरीब निर्दोष लोगों को पकड़ रही है जबकि शराब पीने वाले बड़े नेता और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती है।
जीतन राम मांझी ने एक बार फिर से उसी पुरानी मांग को उठाया और कहा है कि गुजरात मॉडल के तर्ज पर बिहार में शराबबंदी लागू किया जाए हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि बिहार में शराब नहीं खुलेगी और पूर्ण शराबबंदी कानून लागू रहेगा।



