किराना व्यवसायी को गोली मारकर लूट की कोशिश, जख़्मी हायर सेंटर रेफर!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने किराना व्यवसायी को गोली मारकर लूट की कोशिश की। गोली लगने से व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज फिलहाल डी एम सी एच दरभंगा में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, जयनगर निवासी किराना दुकानदार गुड्डू महतो, 50 वर्ष, पिता प्रमोद महतो, शनिवार रात करीब 11 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और झोला छीनने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि विरोध करने पर बदमाशों ने गुड्डू महतो के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को तत्काल अनुमंडल अस्पताल जयनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल को बेहतर इलाज के लिए डी एम सी एच दरभंगा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एफ एस एल की टीम पहुंच कर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर साक्ष्य जुटाने मे जूट गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के एस एस पी योगेंद्र कुमार एवं एस पी ग्रामीण शिवम धाकड़ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।
वहीं वरिय पदाधिकारी के निर्देश पर जयनगर एस डी पी ओ सदानंद कुमार के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सी सी टी भी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है। संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
जयनगर में बढ़ते अपराध को लेकर आम लोगों में चिंता एवं दहशत व्याप्त है।

Join us on: