वीकेएसयू के पूर्व प्रोफेसर व फूटाब अध्यक्ष प्रो. कन्हैया बहादुर सिन्हा का निधन, शिक्षा जगत में शोक की लहर!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा, 5 अगस्त। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (वीकेएसयू) के अवकाश प्राप्त प्राध्यापक एवं फेडरेशन ऑफ यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन ऑफ बिहार (फूटाब) के अध्यक्ष प्रो. कन्हैया बहादुर सिन्हा का मंगलवार की देर रात पटना स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिवार, शिक्षकों, छात्रों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।

बुधवार की सुबह उनका पार्थिव शरीर पटना से आरा स्थित उनके आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक पहुंचे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रो. सिन्हा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे शैक्षणिक जीवन में विश्वविद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक हितों और उच्च शिक्षा के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। फूटाब के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने बिहार के विश्वविद्यालय शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर लगातार संघर्ष किया तथा कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी प्रभावी भूमिका निभाई।

उनके निधन पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विभिन्न कर्मचारी संगठनों, शिक्षकों के संघों एवं सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

Join us on: