रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले से लगने वाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), जयनगर को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। ‘सी’ समवाय, पीपरौन के जवानों ने विश्वसनीय आसूचना के आधार पर विशेष गश्ती के दौरान प्रतिबंधित कफ सिरप, नशीली गोलियां, कैप्सूल, भारतीय एवं नेपाली मुद्रा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक भारतीय एवं एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया।
ये कार्रवाई जटही चेक पोस्ट के नजदीक सीमा स्तंभ संख्या 284/35 से लगभग 50 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में की गई।
विश्वसनीय सूचना प्राप्त होने पर सी समवाय पीपरौन की विशेष गश्ती पार्टी तत्काल निर्धारित स्थान पर पहुंची। लगभग 3:45 बजे दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया। जिसे रोक कर जांच के दौरान उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाएं एवं अन्य सामग्री बरामद हुई। मौके पर ही दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर विधिसम्मत जब्ती की कार्रवाई की गई।
हिरासत मे लिए गए तस्करो से कब्जे से बरामद सामग्री मे ओनरेक्स कफ सिरप, 100 मि.ली. की 27 बोतल। आई पाम 10 एम जी के 40 टैबलेट।
एस्पासमो प्रोक्सीभोन 24 कैप्सूल। भारतीय मुद्रा ₹800,
नेपाली मुद्रा 20,020। एक
टी भी एस अपाचे मोटरसाइकिल, पंजीकरण संख्या BR 32 AB 6435 के साथ दो व्यक्ति को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनो मे एक नेपाली नागरिक है, तो दूसरा भारतीय नागरिक।
प्रारंभिक जांच में बरामद प्रतिबंधित दवाओं एवं अन्य सामग्री के अवैध परिवहन एवं संभावित तस्करी से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। मामले में आगे की पूछताछ एवं नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
बरामद सामग्री, मोटरसाइकिल एवं गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित थाना एवं सक्षम प्राधिकारी को सुपुर्द करने की प्रक्रिया कि जा रही है।
इस बाबत 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने इस सफल कार्रवाई के लिए जवानों की सराहना करते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों, प्रतिबंधित दवाओं, शराब, हथियार, नकली भारतीय मुद्रा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल पूर्ण सतर्कता एवं दृढ़ संकल्प के साथ अभियान चला रहा है। सीमापार तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु भविष्य में भी ऐसी सघन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों से अपील किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सशस्त्र सीमा बल या स्थानीय पुलिस को दें, ताकि सीमा क्षेत्र को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाए रखा जा सके।



