रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!
प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में घरेलू उपभोक्ताओं के परिसरों पर लगाए जा रहे सोलर पैनल के कार्यों का विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। इस क्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता अररिया गौरव कुमार एवं सहायक विद्युत अभियंता विकास कुमार ने अररिया आर.एस. स्थित शैलेंद्र कुमार तथा चातर पंचायत के तिरभिट्टा गांव स्थित मोहम्मद तनवीर आलम के परिसर में लगाए गए सोलर पैनल के कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में सोलर पैनल की स्थापना एवं उपभोक्ताओं को योजना के तहत मिलने वाले लाभों की जानकारी ली गई। इस दौरान कार्यपालय अभियंता द्वारा बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने में लगभग 70 हजार रुपये प्रति किलोवाट का खर्च आता है। सरकार द्वारा इस पर आकर्षक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। 1 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल की स्थापना के लिए उपभोक्ताओं को बैंकों के माध्यम से 6 प्रतिशत से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा अपनाना और अधिक आसान हो गया है।
विद्युत विभाग ने जिले के घरेलू उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्यघर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी विद्युत विभाग के कार्यालय से संपर्क कर योजना, सब्सिडी एवं ऋण संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



