रिपोर्ट – सुमित कुमार!
श्रावणी मेला के दौरान मुंगेर के तारापुर से एक दुखद खबर सामने आई है। बाबाधाम जलाभिषेक के लिए जा रहे छत्तीसगढ़ के एक कांवरिया की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद साथी कांवरियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पचरीपारा निवासी प्रियेश सिंह राजपूत के रूप में हुई है। उनके साथी सुभाष दुबे ने बताया कि सभी श्रद्धालु 30 जुलाई को सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबाधाम के लिए पैदल निकले थे। गुरुवार रात तारापुर क्षेत्र में विश्राम करने के बाद शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार बजे यात्रा फिर शुरू हुई। धोबई से करीब दो से तीन किलोमीटर आगे प्रियेश सिंह राजपूत को अचानक चक्कर आया और वे सड़क पर गिर पड़े। साथियों ने तत्काल 102 एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जत्थे में शामिल कांवरियों ने बताया कि प्रियेश पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें पहले से किसी बीमारी की जानकारी नहीं थी। सूचना मिलने पर तारापुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भेज दिया। चिकित्सकों का कहना है कि शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




