रिपोर्ट- अमित कुमार!
राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर में बुधवार को एटीएस (ATS) की ओर से हाई-रिस्क मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। वायरलेस पर सूचना प्रसारित की गई कि मंदिर परिसर में तीन संदिग्ध आतंकी घुस आए हैं। सूचना मिलते ही पटना पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और एटीएस की टीम ने मोर्चा संभाल लिया।
यह पूरा घटनाक्रम वास्तविक नहीं, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी परखने के लिए आयोजित एक मॉक ड्रिल थी। इसका उद्देश्य यह जांचना था कि किसी भी आतंकी हमले या आपात स्थिति में पुलिस और एटीएस किस तरह त्वरित कार्रवाई कर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान एटीएस की टीम ने आतंकियों की घेराबंदी की। कार्रवाई के क्रम में दो संदिग्ध आतंकियों को “घायल” दिखाया गया और तीनों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, ऑपरेशन के दौरान एटीएस के तीन से चार जवानों के भी “घायल” होने का परिदृश्य तैयार किया गया, ताकि आपातकालीन चिकित्सा एवं रेस्क्यू व्यवस्था का भी अभ्यास किया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा एजेंसियों की समन्वय क्षमता को मजबूत करना और आम लोगों को यह जागरूक करना है कि किसी आतंकी हमले जैसी स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान तक कैसे पहुंचा जाए।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।




