विरोधियों के साथ भेदभाव और दोहरी निति अपना रही सरकार- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में आज प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष एक तरफ कानून व्यवस्था की बात करता है, लेकिन दूसरी तरफ अपने विरोधियों के साथ भेदभाव कर रहा है। सदाकत आश्रम विवाद और एफआईआर के मुद्दे पर उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनके कार्यालय और नेताओं के घरों पर हमला हुआ तो कांग्रेस की ओर से शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत मिलते ही आनन-फानन में कार्रवाई शुरू कर दी गई। राजेश राम ने कहा कि यह साफ दिखाता है कि पुलिस प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और निष्पक्षता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है।

उन्होंने सरकार और प्रशासन पर दुर्भावनापूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार वाकई निष्पक्ष है तो जांच में देरी क्यों और एकतरफा कार्रवाई क्यों हो रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश राम ने एसआईआर यानी मतदाता सूची पुनरीक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इससे लोकतंत्र की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या लगातार हो रही घटनाओं के बाद वह खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं, तो राजेश राम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का एक भी कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। उन्होंने कहा कि हम संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन सरकार और उसके तंत्र का पक्षपातपूर्ण रवैया लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने मांग की कि सदाकत आश्रम मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर बराबर कार्रवाई की जाए।

Join us on: