रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!
हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर डुमरी गांव में बाइक सवार अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में आए अपराधियों ने अपने घर के पास बैठे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। युवक के बाएं पैर के घुटने के पास दो गोली लग गई। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों को आता देख अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया। जहां घायल युवक का इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल युवक की पहचान कुतुबपुर डुमरी गांव निवासी अमरनाथ पासवान के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार बताया गया है। घटना के संबंध में घायल राहुल ने बताया कि घर के पास बथान में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। वहां बहुत सारी महिलाएं भी थी। तभी एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में गोली चलते अपराधी आए और हम पर भी गोली चला दी। हम वहां से भागने लगे तभी हमारे पैर में दो गोली लग गई। घटना को अंजाम देने के बाद फायरिंग करते हुए अपराधी मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस ने मौके से खोखा भी बरामद किया है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस संबंध मेंसदर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एक युवक की गोली लगने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर खोखा बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि युवक अपने दरवाजे के पास बैठा हुआ था बाइक सवार बदमाश आया और गोली चलाते हुए निकल गया। युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। बदमाशों की पहचान कर उसे गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।




