अपहरण हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट: सोनू सिंह ।

नवादा में 24 घंटे के अंदर अपहरण के बाद हत्या कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार।


पकरीवरावाँ थाना क्षेत्र की घटना, SIT की कार्रवाई से आरोपी दबोचा गया, शव खेत से बरामद

नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक बच्ची के अपहरण के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को नवादा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को पकरीवरावाँ थाना में एक बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। परिजनों के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 336/26 दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SDPO के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम लगातार बच्ची की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही थी।

खेत से बरामद हुआ शव
इसी बीच 28 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि पकरीवरावाँ थाना क्षेत्र के देवधा कॉलेज के पास एक खेत में बच्ची का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान की गई।
फॉरेंसिक टीम (FSL) ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

क्या कबूल किया आरोपी ने?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 27 जुलाई की रात करीब 8 बजे बच्ची दुकान से सामान लेकर लौट रही थी। इसी दौरान उसने बच्ची का अपहरण किया, उसके साथ दुष्कर्म किया और पहचान छुपाने के लिए उसके मुंह में मिट्टी भरकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को खेत में फेंक दिया।

आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले के अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान:
रघुनंदन मांझी उर्फ तेतयी मांझी , पिता-बितन मांझी , निवासी-लखनपुरा , थाना पकरीवरावाँ , जिला नवादा।

Join us on: