:- रवि शंकर अमित!
माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संचालित “सहयोग शिविर” के अंतर्गत मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को बेगूसराय जिले के तीन प्रखंडों की कुल चार ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का अधिकतम दस दिनों के भीतर निष्पादन करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिले की चार ग्राम पंचायतों में चार वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में सहयोग शिविर आयोजित किए गए। जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने स्वयं मटिहानी प्रखंड की गोरगामा पंचायत में आयोजित शिविर की अध्यक्षता करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया।
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक प्राप्त आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने दें। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन दें, ताकि उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही इन चार ग्राम पंचायतों में अब तक कुल 405 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 351 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 54 आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा उनका भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में भी सहयोग शिविर के माध्यम से अब तक कुल 2,524 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,368 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष 156 शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया जारी है और उनका भी शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।
सहयोग शिविर में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), लगान रसीद सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। इनमें से अनेक मामलों का शिविर के दिन ही निष्पादन करते हुए लाभुकों को आवश्यक सेवाएं एवं प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही यह भी बताया गया कि जिला स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट आवेदकों की शिकायतों के निवारण के लिए माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को राज्य स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।




