दहेज की बलि चढ़ी विवाहिता,दामाद ने ससुर को फोन कर कहा- ‘लड़की को मार दिया’ जो करना है कर लीजिए!

SHARE:

रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!

वैशाली जिले के सहदेई थाना क्षेत्र के महनार बलिया गांव में एक विवाहिता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय सोनी कुमारी के रूप में हुई है, जो बिदुपुर पछियारी दिलावरपुर गांव निवासी इन्दल पासवान की पुत्री थीं। आरोप है कि दामाद ने ससुर को फोन कर हत्या की जानकारी दी।

मृतका के पिता के अनुसार, सोनी कुमारी की शादी 7 जुलाई 2025 को महनार बलिया गांव निवासी संजय पासवान से हुई थी। शादी के समय दहेज में 3 लाख 50 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 3 लाख रुपये दे दिए गए थे। शेष 50 हजार रुपये विवाह के बाद देने थे।

पारिवारिक स्थिति ठीक न होने के कारण यह राशि नहीं दी जा सकी थी। इसी बात को लेकर ससुराल पक्ष लगातार 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था और मांग पूरी न होने पर सोनी को प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।

मृतका के पिता ने बताया कि सोमवार रात उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने मंगलवार सुबह मायके आने की बात कही थी। लेकिन मंगलवार सुबह करीब छह बजे दामाद संजय पासवान का फोन आया, जिसने कथित तौर पर कहा, “आपकी लड़की को हत्या कर दिए हैं, अब आपको जो करना है कर लीजिए।”

घटना की सूचना मिलते ही परिजन महनार बलिया पहुंचे, जहां सोनी मृत अवस्था में मिलीं। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

सोनी कुमारी अपने चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थीं। उनके पीछे 9 महीने की एक मासूम बेटी है। परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: