रिपोर्ट – निभाष मोदी
भागलपुर: श्रावणी मेले के दौरान भागलपुर-सुलतानगंज मार्ग पर महेशी गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में असम के एक कांवरिया श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। मृतक की पहचान असम के चपराकाटा स्थित बोए गांव निवासी 40 वर्षीय शंकर दत्ता के रूप में हुई है। उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं,जेएलएनएमसीएच (मायागंज) अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, असम से आए 21 कांवरियों का जत्था भागलपुर पहुंचने के बाद सुलतानगंज जाने के लिए दो ऑटो रिजर्व कर रवाना हुआ था। महेशी गांव के पास एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के खंभे से टकरा गया और दो बार पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घायल श्रद्धालु पूपली राय ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और साथ ही मोबाइल फोन पर भी बात कर रहा था। इसी लापरवाही के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पहले सुलतानगंज सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शंकर दत्ता, पूपली राय, महादेव सरकार और बाखल बर्मन को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां शंकर दत्ता की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।परिजनों ने बताया कि शंकर दत्ता अविवाहित थे और असम में पंडाल डेकोरेशन का कार्य करते थे। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। सुलतानगंज पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।




