देश-विदेश से लाखों शिवभक्त पहुंचे सुल्तानगंज, अहले सुबह से गंगाजल लेकर देवघर के लिए हो रहे रवाना!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

देश-विदेश से लाखों शिवभक्त पहुंचे सुल्तानगंज, तड़के सुबह से गंगाजल लेकर देवघर के लिए रवाना; सावन के प्रथम दिन करेंगे बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक

भागलपुर/सुल्तानगंज: विश्व प्रसिद्ध बाबा अजगैवीनाथ धाम में श्रावणी मेला-2026 की शुरुआत के साथ ही देश-विदेश से लाखों शिवभक्त सुल्तानगंज पहुंचने लगे हैं। सोमवार तड़के सुबह से ही उत्तरवाहिनी गंगा में स्नान कर श्रद्धालु पवित्र गंगाजल भर रहे हैं और “बोल बम” व “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए पैदल यात्रा पर निकल रहे हैं। श्रद्धालुओं का लक्ष्य सावन के प्रथम दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करना है।
इस वर्ष सुल्तानगंज में केवल बिहार ही नहीं, बल्कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा समेत देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचे हैं। वहीं नेपाल, भूटान सहित अन्य देशों से भी शिवभक्त इस ऐतिहासिक कांवर यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। गंगा घाटों पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले 35 से 40 वर्षों से लगातार सुल्तानगंज आकर गंगाजल उठाते हैं और सावन के प्रथम दिन देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करते हैं। दिल्ली, सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, असम, मेघालय, वाराणसी और अयोध्या से आए श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा की कृपा और मनोकामना पूर्ण होने की आस्था उन्हें हर वर्ष यहां खींच लाती है।
इधर, आज श्रावणी मेला-2026 का विधिवत उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। उद्घाटन के साथ पूरे सावन माह में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति संगीत, लोकगीत, लोकनृत्य और शिव महिमा पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उत्तरवाहिनी गंगा तट पर प्रतिदिन भव्य गंगा आरती भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। गंगा घाट, मंदिर परिसर, कांवरिया पथ और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल और एंबुलेंस जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी तथा लाखों शिवभक्त सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

Join us on: