आरा/आशुतोष पाण्डेय
बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवादा थाना क्षेत्र में झाड़ियों से एक महिला बेहोशी की हालत में बरामद हुई है। महिला की पहचान पटना निवासी शिवानी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना नवादा थाना क्षेत्र के पावरगंज स्थित पूर्वी ओवरब्रिज अंडरपास के समीप की है। रविवार की शाम स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक महिला को बेहोशी की हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल के सहयोग से महिला को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला की पहचान पटना के गोला रोड निवासी 32 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई है। उनके पति सुमित रंजन एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार, महिला के पास से मिले आधार कार्ड पर पंजाब के लुधियाना जिले का पता भी दर्ज है। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस को महिला के पर्स से सिंदूर का डिब्बा, चावल सहित अन्य सामान मिला है, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब है। मोबाइल नहीं मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
बाइट (मनोज मंजिल/पुलिस):
भाकपा-माले के पूर्व विधायक मनोज मंजिल ने महिला के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह झाड़ियों तक कैसे पहुंची और उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है या नहीं। पूरे मामले की जांच जारी है।




