आरा सदर अस्पताल की ओपीडी सेवा ठप, लगी भीड़, मरीज व परिजन परेशान!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा, भोजपुर:
अरवल जिले में सिविल सर्जन पर हुए हमले के विरोध में आरा सदर अस्पताल की ओपीडी सेवा पूरी तरह बंद कर दी गई है। ओपीडी बंद रहने के कारण इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा ओपीडी के साथ-साथ पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) काउंटर भी बंद कर दिया गया है, जिससे नए मरीजों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। सुबह से ही अस्पताल पहुंचे मरीज इलाज के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए।
हालांकि, गंभीर मरीजों को राहत देने के लिए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में डॉक्टर मौजूद हैं और आपातकालीन मरीजों का इलाज जारी है।
डॉक्टरों का कहना है कि अरवल जिले में सिविल सर्जन पर हुए हमले के विरोध में यह कदम उठाया गया है। जब तक आगे का निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक ओपीडी सेवा प्रभावित रह सकती है।
फिलहाल अस्पताल में केवल इमरजेंसी सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि सामान्य मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इससे दूर-दराज से आए मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

Join us on: