मुजफ्फरपुर-मरीज की मौत से भड़का आक्रोश, अस्पताल में जमकर मारपीट!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर के SKMCH मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत के बाद बवाल, डॉक्टरों और परिजनों के बीच जमकर मारपीट,पुलिस ने कराया मामला शान्त

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टरों ने चैंबर में घुसकर हमला करने का लगाया आरोप; पुलिस पहुंची तो शांत हुआ मामला

मुजफ्फरपुर- जिले के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते मरीज के परिजनों और डॉक्टरों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के दो-तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इमरजेंसी वार्ड के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन व अस्पताल कर्मी मौके पर जुट गए।

मृतका की पहचान रामबाग निवासी 35 वर्षीय शबनम खातून के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उन्हें मंगलवार दोपहर करीब दो बजे गंभीर हालत में सदर अस्पताल से रेफर कर एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और देर शाम उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। डॉक्टरों का आरोप है कि पहले एक महिला ने गाली-गलौज शुरू की और इसके बाद 15-20 लोगों को बुला लिया। सभी लोग डॉक्टरों के चैंबर में घुस गए और एक डॉक्टर का कॉलर पकड़कर उनके साथ हाथापाई की।

वहीं, परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई। उनका कहना है कि घटना के बाद एसकेएमसीएच के कुछ छात्र वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। परिजनों ने आरोप लगाया कि हॉकी स्टिक से हमला किया गया, जिसमें उनके पक्ष के दो लोग घायल हो गए।

हंगामे की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी थाना और अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन मृतका का शव लेकर अस्पताल से चले गए।

एसकेएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। अस्पताल प्रबंधन से मिली प्रारंभिक जानकारी में डॉक्टरों की कोई लापरवाही सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पहले परिजनों की ओर से डॉक्टरों के साथ हाथापाई की गई। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: