:- रवि शंकर अमित/ बबलू राय!
बेगूसराय में कार्बन फैक्ट्री में काम करने के दौरान एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद सदर अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम का विरोध करते हुए डॉक्टर को पोस्टमार्टम करने से रोक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।घटना बरौनी थाना क्षेत्र के ठाकुरी चक स्थित कार्बन फैक्ट्री की है। मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के बथौली गांव निवासी मोहम्मद समसुल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद समसुल पिछले करीब 40 वर्षों से फैक्ट्री में मजदूरी का काम कर रहे थे। काम के दौरान उनके गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने शव देखा तो मृतक का सिर पूरी तरह कुचला हुआ था। उन्हें बताया गया कि काम के दौरान ट्रैक्टर पलटने से उसकी चपेट में आने से मौत हुई है, लेकिन परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन और वहां मौजूद कर्मचारियों द्वारा घटना की सही जानकारी नहीं दी जा रही है। इसी को लेकर आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर जब पोस्टमार्टम रूम पहुंचे तो परिजन वहां भी पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।फिलहाल मजदूर की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजन जहां घटना को संदिग्ध बता रहे हैं, वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। अब देखना होगा कि जांच में मौत की असली वजह क्या सामने आती है।
बाइट – मंजूर भाई




