बाइक चोर गिरोह का खुलासा,चोरी की बाइक और मोबाइल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल:- सदर थाना परिसर में शुक्रवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) राजीव रंजन ने प्रेस वार्ता आयोजित कर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस चोरी के अन्य मामलों और संभावित गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:50 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुपौल थाना कांड संख्या 103/26 में चोरी गई मोटरसाइकिल एवं मोबाइल के साथ कुछ युवक नुनुपट्टी वार्ड संख्या-01 में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० एकरामुल, पिता गोबिनुल हक, निवासी नुनुपट्टी वार्ड संख्या-01, सुमित कुमार, पिता शिवनारायण यादव, निवासी सुखपुर वार्ड संख्या-02 तथा पपलेश कुमार उर्फ कुणाल कुमार, पिता भगवान प्रसाद यादव, निवासी कटैया वार्ड संख्या-10, थाना एवं जिला सुपौल के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद सामान की पहचान संबंधित कांड में चोरी गए सामान के रूप में की गई है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही जिले में हुई अन्य वाहन एवं मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता है की नहीं जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चला रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
डीएसपी राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Join us on: