मुंगेर- सोए अवस्था में शख्स की गोली मारकर हत्या, मुकदमा वापस लेने का बनाया जा रहा थ दबाब!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

ईंट भट्ठे पर सो रहे गार्ड की सिर में दो गोली मारकर हत्या, बेटी के अपहरण मामले में दर्ज केस वापस लेने का बनाया जा रहा था दबाव।दो दिन पहले जान से मारने की मिली थी धमकी, परिजनों ने नामजद आरोपितों पर लगाया हत्या का आरोप, एसपी पहुंचे घटनास्थल, एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस। दो लोगो लिया हिरासत में।

मुंगेर: सफियासराय थाना क्षेत्र स्थित आरपीएस ईंट भट्ठा पर बुधवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने सो रहे गार्ड की सिर में दो गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डकरा सतखजुरिया निवासी विजयनंदन यादव के 45 वर्षीय पुत्र सुबोध यादव के रूप में हुई है। वह ईंट भट्ठा पर दरबान (गार्ड) के रूप में कार्यरत थे और प्रतिदिन की तरह रात में ड्यूटी करने पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही सफियासराय थाना पुलिस के साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस भट्ठा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार सुबोध यादव बुधवार रात खाना खाने के बाद ड्यूटी के लिए ईंट भट्ठा पहुंचे थे। रात करीब नौ बजे वह कार्यालय के समीप बने गार्ड रूम में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधी गार्ड रूम में घुसे और बेहद करीब से उनके सिर में दो गोलियां मार दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर भट्ठे पर मौजूद अन्य कर्मी दौड़कर पहुंचे तो सुबोध यादव खून से लथपथ पड़े थे। अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पहुंचे परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि कुछ माह पहले मृतक की बेटी को प्रेम प्रसंग में भगाने के मामले में हेरूदियारा काली स्थान निवासी देवन यादव, उसके पुत्र अंकित यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ सफियासराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि उक्त मामले में केस वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। दो दिन पहले भी आरोपितों ने केस नहीं उठाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि उसी रंजिश में सुनियोजित तरीके से सुबोध यादव की हत्या कर दी गई।

बाइट-रामवरन यादव मृतक का चाचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस भट्ठा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला मृतक की बेटी के अपहरण से जुड़े दर्ज मुकदमे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया की इस मामले में दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछ ताछ की जा रही है।

बाइट सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर

Join us on: