:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
वार्डन रिंकू कुमारी की संदिग्ध मौत की दोबारा जांच में जुटी एसआईटी, हाईकोर्ट के आदेश पर मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने किया घटनास्थल का निरीक्षण!
बेगूसराय – वीरपुर थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मुजफ्फरा की तत्कालीन वार्डन रिंकू कुमारी की वर्ष 2021 में हुई संदिग्ध मौत के मामले की पुनः जांच तेज हो गई। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) के नेतृत्व में मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की।आईजी विकास वैभव एसआईटी के अन्य सदस्यों के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं तथा उस कमरे का विस्तृत निरीक्षण किया, जहां 4 अप्रैल 2021 को वार्डन रिंकू कुमारी का फंदे लटका शव बरामद हुआ था। उन्होंने छत तक जाने वाले रास्ते, विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय में तैनात गार्ड अजीत कुमार उर्फ बबलू से घटना के संबंध में पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त की।निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी विकास वैभव ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर उनके नेतृत्व में इस कांड के पुनः अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि मृतका की पुत्री तेजस्विनी कुमारी द्वारा दायर रिट याचिका के आधार पर न्यायालय ने मामले की दोबारा जांच कराने का आदेश दिया है।उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल 2021 को हुई इस घटना को प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने वर्ष 2024 में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। हालांकि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मामले की पुनः जांच शुरू की गई है। एसआईटी अब केस डायरी, संबंधित अभिलेखों, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं गवाहों के बयानों की नए सिरे से समीक्षा कर रही है ताकि घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा सके।मौके पर मौजूद मृतका की पुत्री तेजस्विनी कुमारी ने दावा किया कि उनकी मां ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उनकी हत्या की गई थी। उन्होंने करीब 15 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद का उल्लेख करते हुए कौशल रोहित पर हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।एसआईटी में बेगूसराय क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, विशेष निगरानी इकाई के पुलिस उपाधीक्षक अशोक झा, बगहा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निहार भूषण, पूर्वी मुजफ्फरपुर के पुलिस पदाधिकारी अलय वत्स तथा पुलिस निरीक्षक कुमार अभिनव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।इस दौरान सदर डीएसपी टू कुमारी दुर्गा शक्ति, वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। एसआईटी की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित इस चर्चित मामले की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बाइट – तेजश्वनी कुमारी
बाइट – विकास वैभव आईजी




