आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। न्यायिक जांच आयोग के समक्ष भरत तिवारी के माता-पिता ने अपना पक्ष रखा, जबकि भाई और भाभी ने गवाही के लिए अतिरिक्त समय मांगा है।
भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले की जांच कर रहे न्यायिक जांच आयोग के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा के समक्ष आज भरत तिवारी की मां आशा देवी और पिता काशीनाथ तिवारी उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा रहे हैं।
वहीं, आयोग से समन मिलने के बावजूद भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी और भाभी सुमन देवी आयोग के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। दोनों ने आयोग से गवाही के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया है।
इस बहुचर्चित मामले की न्यायिक जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अब यह देखना होगा कि गवाहों के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आयोग किस निष्कर्ष पर पहुंचता है।




