रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल
सुपौल :- जिला न्यायालय परिसर में आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर बुधवार को सभी न्यायिक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव मो० अफजल आलम ने की।
बैठक में प्रभारी सचिव ने बताया कि स्पेशल लोक अदालत में केवल एन.आई. एक्ट (परक्राम्य लिखत अधिनियम) से संबंधित मामलों का ही निष्पादन किया जाएगा। मामलों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए प्रत्येक 100 मामलों पर एक न्यायिक पदाधिकारी की पीठ (बेंच) का गठन किया जाएगा।
उन्होंने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एन.आई. एक्ट से संबंधित अधिक से अधिक लंबित एवं सुलह योग्य मामलों को चिन्हित कर पक्षकारों को स्पेशल लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से विवादों के निपटारे के लिए प्रेरित करें। बैठक में लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने 18 जुलाई को आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामचंद्र प्रसाद, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंचम नंदिता कुमारी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी निधि जायसवाल, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी श्वेताभ सैंडिल्या, राखी कुमारी एवं न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी प्रकाश आनंद सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे।




