रिपोर्ट – संतोष तिवारी
मुजफ्फरपुर
सहयोग शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, 300 से अधिक आवेदनों का हुआ निष्पादन
कांटी। पानापुर पंचायत के हरचंदा पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार ने किया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनसमस्याओं से जुड़े लगभग 300 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, कृषि नलकूप सहित अन्य योजनाओं से संबंधित आवेदन बड़ी संख्या में आए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने आवेदनों की जांच कर कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया, जबकि शेष आवेदनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
इस अवसर पर विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिले। सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
मौके पर स्थानीय मुखिया मदीना खातून, अरविंद सिंह, दिनकर सिंह, राजेश सिंह, मनोज पंडित, शंभू राय, मो. नसरुद्दीन, नवल राय, नीरज कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




