भाजपा ने पार्टी के जमीनी कार्यकर्त्ता अभिषेक सिन्हा को दिया बाँकीपुर उपचुनाव के लिये टिकट!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार की सबसे चर्चित और हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है।

पार्टी ने बांकीपुर से अभिषेक कुमार को मैदान में उतारा है। अभिषेक कुमार बीजेपी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता माने जाते हैं और वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं। बांकीपुर क्षेत्र में उनकी सक्रियता काफी समय से देखी जा रही है जिसके कारण स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान भी मजबूत है। पार्टी ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की है कि मेहनत और समर्पण से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित मौका मिलेगा।

अभिषेक कुमार वर्तमान में बीजेपी प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष के पद पर हैं। इससे पहले वे बीजेपी पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठन के अंदर उनका अनुभव काफी विस्तृत माना जाता है। वे बंटी मंडल में महामंत्री और मंत्री के पद पर भी काम कर चुके हैं जिससे उन्हें जमीनी स्तर की राजनीति और कार्यकर्ताओं के बीच काम करने का अच्छा अनुभव मिला है। बताया जा रहा है कि वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी करीबी माने जाते हैं और इसी कारण पार्टी के नेतृत्व का उनपर भरोसा है।

बांकीपुर सीट हमेशा से ही राजनीति के लिए काफी महत्वपूर्ण रही है। यहां से होने वाले उपचुनाव पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई है। इसलिए बीजेपी ने इस सीट के लिए किसी बाहरी चेहरे के बजाय एक ऐसे व्यक्ति को चुना है जो क्षेत्र से अच्छी तरह से वाकिफ हो और जिसका संगठन में लंबा इतिहास रहा हो। पार्टी के निर्णय से यह भी स्पष्ट होता है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं के समर्पण को महत्व देती है और उन्हें आगे बढ़ाने का मौका देती है।

सूत्रों के अनुसार अभिषेक कुमार नौ जुलाई को एनडीए के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी मौजूद रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को लेकर भी पार्टी स्तर पर तैयारी की जा रही है। अब देखना यह होगा कि एक सामान्य कार्यकर्ता से नेता बने अभिषेक कुमार बांकीपुर जैसे हाई प्रोफाइल क्षेत्र में मतदाताओं का कितना समर्थन जुटा पाते हैं और चुनाव में पार्टी को कैसी जीत दिलाते हैं।

Join us on: