रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शनिवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से लेबर कार्ड वितरण एवं श्रमिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों एवं लाभार्थियों के बीच लेबर कार्ड (श्रम कार्ड) तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के तहत सहायता राशि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में श्रम विभाग में निबंधन कराने की अपील की।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग एवं युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने लाभार्थियों को लेबर कार्ड एवं सहायता राशि प्रदान करते हुए कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए श्रम विभाग की योजनाएं काफी लाभकारी हैं। लेबर कार्ड बन जाने के बाद श्रमिकों को स्वास्थ्य सहायता, बच्चों की शिक्षा, विवाह सहायता, मातृत्व लाभ, पेंशन, दुर्घटना सहायता सहित कई कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलता है।
मंत्री ने आगे कहा कि बड़ी संख्या में बिहार के श्रमिक दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए जाते हैं। ऐसे श्रमिकों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की है कि जिनका अब तक निबंधन नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द श्रम विभाग में अपना पंजीकरण कराएं ताकि किसी भी सरकारी योजना से वंचित न रहें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने भी श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र श्रमिक को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार लगातार नई योजनाएं संचालित कर रही है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार,अंचलाधिकारी विकास कुमार, बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत,प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव,संजय कुमार महतो,हरिचंद्र शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लेबर कार्ड मिलने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।




