सुपौल- जियो नेटवर्क की स्थिति बिगड़ी, उपभोक्ता परेशान: घंटों बाधित रही मोबाइल और इंटरनेट सेवा!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जियो का मोबाइल नेटवर्क पिछले कुछ दिनों से ठीक ढंग से काम नहीं कर रहा है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क की खराब स्थिति के कारण मोबाइल कॉल बार-बार कट रही है, कई स्थानों पर कॉल लग ही नहीं रही है, जबकि इंटरनेट सेवा भी बेहद धीमी या पूरी तरह बाधित रहने से लोगों का दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग कार्य, डिजिटल भुगतान, सरकारी सेवाओं का उपयोग तथा कार्यालयों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाने से लोगों का अपने परिजनों और परिचितों से संपर्क तक टूट गया। आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय उपभोक्ता आयन्स कुमार, दिलीप साह, पप्पू कुमार और चंदन कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से जियो का नेटवर्क लगातार खराब चल रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि कंपनी समय पर सेवा देने का दावा करती है, लेकिन वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है।
उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जियो कंपनी जल्द से जल्द तकनीकी खराबी दूर कर नेटवर्क व्यवस्था को सुचारु बनाए, ताकि लोगों को बेहतर मोबाइल और इंटरनेट सेवा मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता सामूहिक रूप से संबंधित विभाग और कंपनी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने को मजबूर होंगे।

Join us on: