:- रवि शंकर अमित!
-बाढ़ अनुमंडल में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस मैदान से शुरू होकर भुवनेश्वरी चौक तक गया, जहां आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य देश में बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार की विफलताओं के विरुद्ध था।
इस पूरे आंदोलन की अध्यक्षता पटना जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण-2 के जिला अध्यक्ष गुरजीत सिंह ने की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में आई भारी गिरावट और युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर गहरी चिंता व्यक्त की। भुवनेश्वरी चौक पर पहुंचने के बाद, नेताओ ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। नेताओं का कहना था कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में धांधली और पेपर लीक होने से देश के लाखों होनहार छात्रों का भविष्य अंधकार में लटक गया है, और सरकार इस पर कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम है।
इस पैदल मार्च का नेतृत्व पटना जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण-2 के प्रवक्ता धर्मवीर कुमार ने किया। कार्यक्रम को गति देने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने में उनकी अहम भूमिका रही। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता एकजुट नजर आए, जिनमें कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष प्रोफेसर श्यामदेव सिंह चौहान, जिला सचिव संजय कुमार, रामानंद सिंह और विजय कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। हाल ही में मनोनीत हुए फतुहा प्रखंड अध्यक्ष पशुपतिनाथ दुबे बुंदेल पासवान, अशोक सिंह, आमोद सिंह, विनोद रजक, मंटू रजक और रविंद्र सिंह सहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई और छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी!




