रिपोर्ट :- संतोष चौहान
मीडिया के सहयोग से क्षेत्र की समस्यायों का शीघ्र हो पाता है निष्पादन: डीएम
पत्रकारों को फैक न्यूज से बचने की है जरूरत: एसपी
सुपौल :- जिले के किशनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रमंडल स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर० एस० के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया प्रशासन का अंग है उनके द्वारा हम लोगों को काफी सूचनाएं मिलती है जिस पर हम लोग आगे काम कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी को चाहिए कि मीडिया से बेहतर संबंध बनाकर रखें और क्षेत्र में जो भी खामियां हैं उनकी जानकारी प्राप्त कर उसे दूर करने का प्रयास करें, उन्होंने मीडिया साथियों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने को लेकर बधाई दिया। वही जिलाधिकारी को संघ के सुपौल जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव के द्वारा मिथिला पाग, सॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। वहीं एसपी शरथ आर० एस० ने कहा कि मीडिया के माध्यम से विभिन्न तरह की खबरों से हम लोग अवगत होते हैं उसी में कोई ऐसा पत्रकार हैं जो फेक न्यूज को बिना प्रामाणिकता के चलाते रहते हैं जो गलत है।

बिना प्रमाणिकता की कोई भी खबरें नहीं प्रकाशित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया में काफी लोग ऐसे भी हैं जो प्रामाणिकता के साथ खबर को प्रकाशित करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार को फेक न्यूज से बचना चाहिए और वास्तविकता को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि प्रशासन को काम करने में आसान हो सके। इस बीच पुलिस अधीक्षक को संघ के सुपौल जिला महासचिव लाल बहादुर यादव के द्वारा मिथिला पाग, सॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। उद्घाटन सत्र के पश्चात कार्यक्रम के दूसरे कड़ी में लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। जहां सबो ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव के द्वारा भी लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, उन्होंने कहा कि मीडिया आज भी समाज का आईना है उन्होंने सभी मीडिया बंधुओं से हर परिस्थिति में सच लिखने व दिखाते रहने की अपील की।
कार्यक्रम में शामिल संघ के प्रदेश अध्यक्ष अबोध कुमार ठाकुर, प्रमंडलीय अध्यक्ष डॉ० सुलेद्र कुमार, वरिष्ठ पत्रकार अमरेन्द्र कुमार अमर उर्फ मुन्ना जी, विनय कुमार मिश्रा, संतोष चौहान, दयानंद भारती एवं पंकज भारतीय आदि ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला, वहीं प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमंडलीय अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती को लेकर कई उदाहरण पेश किए, साथ ही सदस्यों को भरोसा दिलाया गया कि यह संगठन आप लोगों के हित में है, आप लोगों की एकजुटता ही संगठन की ताकत है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई मुसीबत हो निश्चित रूप से संगठन के पदाधिकारी को सूचना प्रदान की जाए, उम्मीद से बढ़कर सहयोग प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमंडलीय अध्यक्ष डॉ० सुलेद्र कुमार एवं मंच संचालन रविकांत कुमार ने की। इस अवसर पर किशनपुर बीडीओ पिंकी कुमारी, थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार, रिती झा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे।




