रिपोर्ट – राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित भौआरा में रविवार देर रात बिहार एटीएस और मध्य प्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात पटना एटीएस एवं भोपाल एटीएस की टीम ने मधुबनी पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया. संबंधित व्यक्ति से भोपाल में दर्ज एक मामले के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है. जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिया गया व्यक्ति इजहारुल हक (55 वर्ष) है, जो मूल रूप से पंडौल थाना क्षेत्र के सरिसब पाही के नवटोल वार्ड संख्या 2 का निवासी बताया जाता है तथा वर्तमान में नगर थाना क्षेत्र के भौआरा में रह रहा था. एटीएस की टीम ने उसे देर रात उसके आवास से हिरासत में लेकर नगर थाना पहुंचाया. जहां उससे प्रारंभिक पूछताछ की गई. सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश के भोपाल में दर्ज एक मामले में पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया गया है. मामले की जांच को लेकर भोपाल एटीएस के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं. एसपी योगेंद्र कुमार भी हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ के लिए नगर थाना पंहुचें. हालांकि जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों द्वारा मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.बताया जाता है कि सोमवार को भोपाल एटीएस की टीम ने नगर थाना में हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की. इसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत मधुबनी न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की कार्रवाई शुरू की गई. ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए भोपाल ले जाने की तैयारी चल रही है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के विरुद्ध भोपाल में मामला दर्ज है. जांच एजेंसी द्वारा पूछताछ की जा रही है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता और जांच से जुड़े तथ्यों पर फिलहाल कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी. संयुक्त एटीएस कार्रवाई की खबर फैलते ही भौआरा और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. दिनभर स्थानीय लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना रहा. वहीं पुलिस एवं जांच एजेंसियां पूरे मामले में गोपनीयता बरतते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई हैं
जांच एजेंसियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने और जांच की प्रगति के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.




