पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का हंगामा ट्रेन में तोड़फोड़ पुलिस ने की हवाई फायरिंग!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

बिहार पुलिस के मध निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा हो गया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी, जिसके लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी देर रात ही स्टेशन पहुंच गए थे। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थिति तब बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन में सवार होने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नाराज छात्रों ने ट्रेन के आगे बैठकर धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।
हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेशन पहुंचे। मौके पर आईजी जितेंद्र राणा, एसपी समेत कई आलाधिकारी कैंप कर रहे हैं। हंगामे के दौरान आईजी जितेंद्र राणा को हल्की चोट लगने की सूचना है, वहीं रूपसपुर थाना प्रभारी भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। अभ्यर्थी लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और ट्रेन परिचालन बाधित कर रहे हैं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद भी काफी देर तक स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन अभ्यर्थियों को समझाने-बुझाने में जुटा है तथा स्थिति सामान्य हैं। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Join us on: