भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 147.200 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को दबोचा!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले से लगने वाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की डी समवाय, गंगौर ने हरलाखी थाना मे कार्यरत बिहार पुलिस एवं अंचल कार्यालय हरलाखी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 13 जून 2026 को प्रातः लगभग 07:19 बजे विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त गश्ती दल द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 289/02 के नजदीक भारतीय क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित फुलहर–मनोकामना मार्ग के समीप विशेष अभियान चलाया गया। गश्ती के दौरान सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में रखे पैकेट दिखाई दिए। मौके पर उपस्थित एक व्यक्ति ने सुरक्षा बलों को देखकर भागने एवं छिपने का प्रयास किया, जिसे संयुक्त गस्ती दल ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 147.200 किलोग्राम गांजा (नारंगी रंग के प्लास्टिक में पैक तथा काली रस्सी से बंधा हुआ), एक स्मार्टफोन (जियो सिम सहित) एवं ₹500 नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुभाष कुमार, पिता लाल यादव, गांव वार्ड संख्या-12, कमतौल टोला पचगछिया, पोस्ट–फुलहर, थाना–हरलाखी, जिला–मधुबनी (बिहार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बरामद मादक पदार्थ नेपाल से प्राप्त कर भारत में एक व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ला रहा था।
बरामद गांजा, अन्य जब्त सामग्री एवं गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है, जहां संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों एवं सीमा अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर सतर्क, सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है।

Join us on: