नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के एक राजस्व कर्मचारी (हल्का कर्मचारी) को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नवादा सदर अस्पताल परिसर में की गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान सुजीत कुमार के रूप में हुई है, जो नवादा सदर अंचल में पदस्थापित है। जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी द्वारा एक जमीन संबंधी कार्य के एवज में पीड़ित से ₹15,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित लगातार कार्यालय के चक्कर काटकर परेशान हो चुका था और रिश्वत देने को तैयार नहीं था।
इसके बाद पीड़ित ने पटना स्थित निगरानी विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाया गया। इसके बाद निगरानी विभाग के डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।
रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही सुजीत कुमार ने सदर अस्पताल परिसर में रिश्वत की राशि अपने हाथ में ली, पहले से सादे लिबास में मौजूद निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
अस्पताल परिसर में अचानक हुई इस कार्रवाई से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टीम अपने साथ ले गई, जहां उसके हाथों का केमिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
इस कार्रवाई की खबर मिलते ही नवादा सदर अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी दफ्तर से गायब होते नजर आए। निगरानी टीम आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए पटना ले गई है।
अधिकारियों के अनुसार
, सुजीत कुमार से गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह पहले से किसी भ्रष्टाचार के नेटवर्क या सिंडिकेट का हिस्सा तो नहीं है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।




