कटिहार में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, पति ने पत्नी के निजी फोटो-वीडियो किए वायरल!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

कटिहार में पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सात फेरों के बंधन और भरोसे की डोर को तार-तार करते हुए एक सनकी पति ने अपनी ही पत्नी के निजी पल के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। वजह सिर्फ इतनी थी कि उसे अपनी पत्नी पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इस शर्मनाक हरकत के बाद कटिहार साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनिहारी निवासी दयानंद के रूप में हुई है। मामले को लेकर साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि पीड़ित महिला ने पुलिस को आवेदन देकर शिकायत की थी कि उसके पति लगातार उसके निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। आपत्तिजनक सामग्री के वायरल होने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है और वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान है।
महिला की शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें पत्नी के कई निजी और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पत्नी पर अवैध संबंध का शक होने के कारण उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। हालांकि अब उसे अपने किए पर पछतावा होने की बात भी कही है।
साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की निजी तस्वीरें या वीडियो उसकी अनुमति के बिना साझा करना गंभीर साइबर अपराध है। कटिहार पुलिस ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें, अन्यथा कानून का शिकंजा कसना तय है। फिलहाल पु लिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Join us on: