मोतिहारी में बुलडोजर एक्शन, छतौनी चौक से ढाका रोड तक चला अतिक्रमण मुक्ति अभियान!

SHARE:

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार!

मोतिहारी शहर में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बड़े पैमाने पर बुलडोजर एक्शन चलाया गया। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल छतौनी चौक से लेकर ढाका रोड तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा कर रहे थे। उनके साथ प्रभारी अंचलाधिकारी सुनील कुमार, छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी दुकानों, अवैध शेड, टीन-टप्पर और अन्य अतिक्रमणों को हटाया। अभियान के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने स्वयं भी अपना सामान हटाया, जबकि कुछ जगहों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। वही सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। पिछले कई दिनों से संबंधित लोगों को माइकिंग कर तथा नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी दी जा रही थी। इसके बावजूद कई लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके बाद मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि छतौनी चौक शहर का प्रमुख और अत्यंत व्यस्त चौराहा है। यहां प्रतिदिन भारी संख्या में वाहन और आम लोग गुजरते हैं। सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन का मानना है कि इस कार्रवाई के बाद छतौनी चौक से ढाका रोड तक यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

Join us on: