आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 11 जून। रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 लीटर बीयर बरामद की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात को जीआरपी थानाध्यक्ष रणधीर कुमार एवं आरपीएफ निरीक्षक दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ आरा और जीआरपी आरा की संयुक्त टीम द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर तथा ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान गाड़ी संख्या 04616 में लावारिस अवस्था में रखी गई कुल 100 लीटर किंगफिशर बीयर बरामद की गई।
बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद जब्त सामग्री को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी आरा को सौंप दिया गया। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेल मार्ग के जरिए अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जीआरपी और आरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन सतर्क” के तहत की गई, जिसके अंतर्गत रेलवे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



