आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 11 जून। रेलवे स्टेशन एवं परिसर में अपराध नियंत्रण तथा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत आरपीएफ आरा एवं जीआरपी आरा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के पांच मोबाइल फोन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को जीआरपी थानाध्यक्ष रंधीर कुमार एवं आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन और परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर आरा रेलवे स्टेशन स्थित मालगोदाम (गुड्स शेड) के पश्चिमी छोर पर संदिग्ध अवस्था में बैठे पांच लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से कुल पांच चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान निवासी अमर सिंह (22), भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी सोमनाथ मुसहर (20), तथा जगदीशपुर थाना क्षेत्र की शारदा देवी (20), सीमा देवी (20) एवं सीमा देवी (30) के रूप में हुई है।
आरपीएफ एवं जीआरपी ने बरामद मोबाइल फोन तथा गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना आरा को सुपुर्द कर दिया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में अपराध पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। असामाजिक एवं अपराधी तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



