दो पक्ष में विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक शख्स को लगी गोली!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!

बेगूसराय में एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक को गोली लग गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामला लाखो थाना क्षेत्र के लोदीपुर शाहपुर गांव का है।
बताया जा रहा है कि लोदीपुर शाहपुर गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी के दौरान एक युवक को गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक पक्ष के लोगों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग चार-पांच की संख्या में उनके घर पहुंचे और रंगदारी की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि किसी तरह जान बचाकर वे लोग वहां से भागे, लेकिन पुलिस ने उल्टे उनके ही पक्ष के एक युवक अमरदीप कुमार को हिरासत में ले लिया।वहीं दूसरे पक्ष ने रंगदारी के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि विवाद जमीन पर रखे सामान को हटाने को लेकर हुआ था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग जबरन सामान हटाने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर मारपीट हुई और उसके बाद गोलीबारी की घटना हुई। दूसरे पक्ष का दावा है कि फायरिंग में एक ड्राइवर को गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही लाखो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।इस घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह खुलेआम गोलीबारी हुई, उससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गोलीबारी के पीछे की असली वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं घायलों का इलाज जारी है!

Join us on: