रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
पश्चिम बंगाल से टी एम सी के विधानसभा प्रत्याशी रहे कैलाश मिश्र बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार, धोखाधड़ी और करोड़ों के घोटाले का है आरोप
मधुबनी बिहार के मधुबनी जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े राजनीतिक चेहरे को दबोचा है। हाल ही में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बाली विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टी एम सी) के प्रत्याशी रहे कैलाश मिश्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी शनिवार की शाम को अरेर और रहिका के बीच रहिका बेनीपट्टी मुख्य सड़क से की गई। बेनीपट्टी के डीएसपी अमित कुमार ने इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि कैलाश मिश्र के खिलाफ पश्चिम बंगाल में धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं (फ्रॉड) से जुड़े दो से तीन गंभीर मामले दर्ज हैं। एक मामले में कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एन बी डब्ल्यू) भी जारी किया गया था। बंगाल पुलिस के मुताबिक, आरोपी कैलाश मिश्र बंगाल में करोड़ो रूपये का वित्तीय घोटाला करते थे और उस काली कमाई को छुपाने के लिए इधर निवेश (इन्वेस्ट) कर रहे थे। डीएसपी अमित कुमार के अनुसार, मामला केवल बंगाल पुलिस तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आरोपी कैलाश मिश्र की तलाश प्रवर्तन निदेशालय (ई डी) भी कर रही थी। इसके बाद बंगाल पुलिस ने मधुबनी पुलिस के साथ मिलकर एक जाल बुना और आरोपी को धर दबोचा। कैलाश मिश्र मूल रूप से बेनीपट्टी प्रखंड के अरेर थाना क्षेत्र (अरेर पश्चिम टोला) के निवासी हैं। पश्चिम बंगाल के कद्दावर टीएमसी नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी की इस तरह अचानक हुई गिरफ्तारी के बाद बेनीपट्टी, अरेर सहित पूरे मधुबनी जिले में राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कागजी कार्रवाई कर आरोपी को बंगाल ले जाने की तैयारी में जुटी हुई है।



