ट्रेनों में उमड़ी B.Ed प्रवेश परीक्षार्थियों  की भीड़, प्लेटफॉर्म पर गुजरी रात!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

आरा, 7 जून 2026।

आरा मुख्यालय के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित B.Ed संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर शनिवार रात से रविवार सुबह तक आरा जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बिहार के विभिन्न जिलों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों परीक्षार्थी ट्रेनों के माध्यम से आरा पहुंचे।
भीड़ का आलम यह रहा कि कई अभ्यर्थियों ने रात प्लेटफॉर्म पर ही गुजारी। सुबह होते ही परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हो गए। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और बाहर के क्षेत्रों में अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों की चहल-पहल बनी रही।
परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण कई ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रही। यात्रियों ने बताया कि पहले से आरक्षित टिकट होने के बावजूद उन्हें सफर के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई डिब्बों में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) के जवान प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक लगातार निगरानी करते रहे। अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि चढ़ने-उतरने के दौरान कोई अफरा-तफरी न हो तथा सामान्य श्रेणी के यात्री एसी कोच में प्रवेश न करें। सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया।
B.Ed प्रवेश परीक्षा को लेकर आरा शहर में भी सुबह से अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ी रही, जिससे स्टेशन से लेकर परीक्षा केंद्रों तक काफी रौनक देखने को मिली।

Join us on: