AISHE कोड प्राप्त करने हेतु सभी डिग्री कॉलेजों को शीघ्र पंजीकरण का निर्देश!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा, 7 जून। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय डिग्री महाविद्यालयों को अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वेक्षण (AISHE) पोर्टल पर अपने संस्थान का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया है। यह निर्देश भारत सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग तथा बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में जारी किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से अनुरोध किया है कि वे अपने संस्थान को AISHE पोर्टल पर जल्द से जल्द पंजीकृत कराकर AISHE कोड प्राप्त करें। बताया गया है कि AISHE कोड उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका उपयोग यूजीसी की विभिन्न योजनाओं, पीएम उषा (PM-USHA) फंडिंग, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, एआईसीटीई अनुदान, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, संस्थागत मान्यता (Accreditation) एवं रैंकिंग प्रक्रियाओं में किया जाता है।
निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पंजीकरण के दौरान प्रधानाचार्य अपना नाम, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी सही एवं अद्यतन रूप में दर्ज कराएं। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा जारी महाविद्यालय की मान्यता प्रमाण-पत्र तथा बिहार सरकार की संबंधित अधिसूचना/संकल्प को पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों से इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है, ताकि संस्थानों को समय पर AISHE कोड उपलब्ध हो सके और विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

Join us on: