पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान, साक्षी कुमारी को मिला सम्मान!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराजा कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की छात्रा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की स्वयंसेवक साक्षी कुमारी को जिला प्रशासन, जिला गंगा समिति तथा जिला स्तरीय जलवायु परिवर्तन प्रकोष्ठ द्वारा सम्मानित किया गया।
शहर के करमन टोला निवासी राजेश कुमार की पुत्री साक्षी कुमारी को समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में भोजपुर के उप विकास आयुक्त ने उन्हें सम्मानित कर प्रशस्ति प्रदान की। साक्षी कुमारी पिछले कई वर्षों से एनएसएस के माध्यम से समाज सेवा, पर्यावरण जागरूकता और गंगा स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को भी उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाया था, जिसकी सराहना करते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।
समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति युवाओं की ऐसी प्रतिबद्धता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। साक्षी जैसे युवा न केवल जागरूकता फैला रहे हैं, बल्कि लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद साक्षी कुमारी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। परिवार और मोहल्ले में खुशी का माहौल है।

Join us on:

और पढ़ें